Ranchi News: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में कार हटाने को कहने पर मारपीट और सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर को पिंकू कुमार चौधरी अपनी कार से अमरूद बगान स्थित अपने घर जा रहे थे. हरेगोबिंद नर्सिंग होम के पास सड़क पर एक कार और टेंपो खड़ा था. पिंकू ने टेंपो चालक सूरज यादव से वाहन हटाने को कहा.
इसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि सूरज यादव अपने बेटों रोहित यादव, मोहित यादव और अंशु यादव समेत 4-5 अन्य लोगों को बुलाकर लाया. इसके बाद सभी ने पिंकू के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक जिसके बाद पिंकू ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे घेर लिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसी दौरान उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली गई और धमकी देकर वहां से चले जाने को कहा गया.
घटना के बाद पिंकू ने सुखदेवनगर थाना में मामला दर्ज कराया. मामले की जांच के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई.
पुलिस ने 10 सितंबर की रात कार्रवाई करते हुए मोहित कुमार और राजेन्द्र महली को उनके घर से गिरफ्तार किया. पुलिस ने मोहित कुमार की निशानदेही पर उसके घर से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली.
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

