Ranchi News: राजधानी रांची को जाम से मुक्ति दिलाने और भारी वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए बना ट्रांसपोर्ट नगर अब तक चालू नहीं हो सका है. इसके अंदर दुकानों और जगहों के आवंटन की प्रक्रिया भी स्पष्ट नहीं होने के कारण व्यवसायियों में भारी असमंजस की स्थिति बनी हुई है. फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस मुद्दे पर गहरी चिंता जताते हुए विभागीय सचिव राजीव रंजन से इसके जल्द संचालन की मांग की है.
इसे भी पढ़ें:
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने मंगलवार को विभागीय सचिव से फोन पर वार्ता कर ट्रांसपोर्टरों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर का मुख्य उद्देश्य शहर में परिवहन गतिविधियों को एक जगह व्यवस्थित करना था. इसके सुचारू रूप से चालू न होने से ट्रांसपोर्टरों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. ट्रांसपोर्ट नगर में आवंटन प्रक्रिया को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं होने से ट्रांसपोर्टरों की परेशानी और बढ़ गई है.
चैंबर ने मांग की है कि आवंटन के नियमों को लेकर बने असमंजस को दूर करते हुए स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए. इस विषय पर जल्द ही चैंबर का एक प्रतिनिधिमंडल विभागीय सचिव से मिलकर विस्तृत चर्चा करेगा. इससे एक दिन पहले चैंबर अध्यक्ष ने मुख्य सचिव से भी ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं पर बात की थी. वहीं, इस पूरे मुद्दे को लेकर चैंबर भवन में एक बैठक भी हुई, जिसमें महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, मोनिका गोयनका, संतोष अग्रवाल और आलोक सिंह मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

