Search

 
 
 

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: बिहार की 10 लाख महिलाओं के खाते में भेजे गए 10-10 हजार

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार की 10 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीधे DBT के माध्यम से राशि हस्तांतरित की.
 

Patna : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार की 10 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीधे DBT के माध्यम से राशि हस्तांतरित की. इसके लिए मुख्यमंत्री आवास पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे.

 

जानकारी के अनुसार, राशि पाने वाली महिलाओं में लगभग 9 लाख 50 हजार ग्रामीण और 50 हजार शहरी क्षेत्र की महिलाएं शामिल हैं. ये सभी महिलाएं जीविका समूह से जुड़ी हैं, जिन्हें पहले भी आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण एवं सहायता प्रदान की गई थी.

सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक लगभग 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं को प्रति लाभार्थी 10 हजार रुपए की दर से आर्थिक सहायता दी जा चुकी है. इस बार 10 लाख नई लाभार्थी महिलाओं को भी यह राशि दी गई है. शेष पात्र महिलाओं के खातों में भी जल्द ही भुगतान किया जाएगा.

 

योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया दो हिस्सों में पूरी की गई थी. शहरी क्षेत्र की महिलाओं से ऑनलाइन आवेदन लिए गए, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने पंचायत स्तर पर ऑफलाइन फॉर्म भरे.

 

प्राथमिकता उन महिलाओं को दी गई जो पहले से जीविका समूह की गतिविधियों में सक्रिय हैं. हाल ही में जीविका संगठन से जुड़ी लगभग 13 लाख महिलाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है, जिनकी जांच चल रही है और अगले चरणों में उनके खातों में भी राशि भेज दी जाएगी.

 

सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने और उन्हें छोटे-छोटे रोजगार शुरू करने में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. मिलने वाली 10 हजार रुपए की राशि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करती है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही