- 27 अप्रैल 2026 से लागू है नया प्रावधान,
- स्टोन डस्ट का मूल्य 2.66 रुपये प्रति घनफुट निर्धारित
Ranchi: झारखंड में लघु खनिजों के अवैध उपयोग और आपूर्ति पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गयी है. खान एवं भूतत्व विभाग के खान निदेशालय ने अवैध रूप से उपयोग या आपूर्ति किये गये लघु खनिजों पर जुर्माना और अन्य शुल्कों की गणना का आधार निर्धारित कर दिया है.
नये निर्देश के तहत 27 अप्रैल 2026 से उपयोग या आपूर्ति किये गये लघु खनिजों के मामलों में खनिज मूल्य की गणना संबंधित खनिज की निर्धारित स्वामिस्व (रॉयल्टी) दर के 10 गुना के आधार पर की जायेगी. वहीं स्टोन डस्ट का खनिज मूल्य 2.66 रुपये प्रति घनफुट निर्धारित किया गया है.
वैध चालान के बिना खनिज का उपयोग पड़ेगा महंगा
निदेशालय के निर्देश के अनुसार, सरकारी विकास कार्यों में लगे सभी कार्य विभागों, संवेदकों, ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाला लघु खनिज वैध खनन पट्टा या अनुज्ञप्ति धारकों से प्राप्त किया गया हो. इसके लिए वैध चालान या खनन पट्टा अथवा अनुज्ञप्ति की स्वीकृति अनिवार्य होगी. ऐसा नहीं होने पर संबंधित लोगों को खनिज मूल्य के साथ स्वामिस्व की दोगुनी राशि तथा डीएमएफ, मैनेजमेंट शुल्क और पर्यावरणीय सेस के बराबर राशि जुर्माने के रूप में खनन शीर्ष में जमा करनी होगी.
इसे भी पढ़ें -
पुराने मामलों के लिए अलग गणना व्यवस्था
आदेश में 27 अप्रैल 2026 से पहले उपयोग या आपूर्ति किये गये लघु खनिजों के मामलों के लिए अलग व्यवस्था की गयी है. ऐसे मामलों में डीएमएफ, मैनेजमेंट शुल्क, पर्यावरणीय सेस और आयकर की गणना संबंधित खनिज के निर्धारित स्वामिस्व के आधार पर की जायेगी. इन सभी मदों की राशि भी जुर्माने के रूप में वसूली जायेगी.
वहीं 27 अप्रैल 2026 से लागू मामलों में खनिज मूल्य संबंधित लघु खनिज की निर्धारित स्वामिस्व दर का 10 गुना माना जायेगा. स्टोन डस्ट के लिए 2.66 रुपये प्रति घनफुट की दर तय की गयी है. इस अवधि में भी डीएमएफ, मैनेजमेंट शुल्क, पर्यावरणीय सेस और आयकर की गणना निर्धारित स्वामिस्व के आधार पर होगी.
सभी विभागों और उपायुक्तों को भेजा गया आदेश
खान निदेशालय ने यह दिशा-निर्देश झारखंड लघु खनिज समनुदान (द्वितीय संशोधन) नियमावली, 2026 के नियम-55 के तहत नियम-67 के प्रावधानों के अनुसार जारी किया है. आदेश की प्रतिलिपि सभी विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्तों, उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है. इससे सरकारी निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाले बालू, पत्थर और अन्य लघु खनिजों की वैध खरीद और आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और ठेकेदारों पर बढ़ेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

