Ramgarh News: रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत उपरबरगा ग्राम पंचायत का चयन झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए किया गया है. पंचायत का चयन "प्रौद्योगिकी के माध्यम से लोक सेवाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी वितरण" श्रेणी में उत्कृष्ट कार्यों के लिए हुआ है. 28 नवंबर को खेलगांव, रांची में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पंचायत को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:
डिजिटल सेवाओं से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित लाभ
उपरबरगा पंचायत में डिजिटल माध्यमों से पंचायत स्तर पर ही आधार कार्ड, जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र जैसे अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं मिल रही है . इससे ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है.
कृषि एवं आजीविका संवर्धन की पहल
उपरबरगा पंचायत के औराडीह गांव में आधुनिक कृषि तकनीकों को प्राथमिकता दी जा रही है. ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई और ग्राफ्टेड सब्जियों की खेती से किसानों की आय में वृद्धि हो रही है. इसके साथ ही नेमरा स्थित धुमकुड़िया भवन में 80 किसानों को पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण देकर उत्पादन बैग उपलब्ध कराए गए हैं.
सीएम हेमंत का है पैतृक गांव
उपरबरगा ग्राम पंचायत अंतर्गत आने वाला नेमरा गांव झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक गांव है. पंचायत का राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन होने से रामगढ़ जिले में खुशी का माहौल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

