Ranchi News: छोटानागपुर इवेंजेलिकल लूथरन चर्च की वार्षिक आमसभा में संविधान संशोधन का प्रस्ताव चर्चा में रहा. प्रस्तावित संशोधन को लेकर सभा में लंबी चर्चा हुई, लेकिन विभिन्न डायोसिस के प्रतिनिधियों के बीच सहमति नहीं बन सकी. खासकर रांची मुख्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने संशोधन के प्रारूप को तत्काल स्वीकार करने के बजाय उसके विस्तृत अध्ययन की जरूरत बताई. प्रतिनिधिमंडल ने कुछ दिनों के लिए समय मांगा. इसके बाद संविधान संशोधन पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका और आमसभा बिना निष्कर्ष के समाप्त हो गई.
तीन महीने में होगा संशोधन के प्रारूप का अध्ययन
बैठक में रांची मुख्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2012 के संविधान में प्रस्तावित संशोधनों पर अपनी आपत्ति और असहमति जाहिर की. प्रतिनिधियों का कहना था कि संविधान किसी भी संस्था की बुनियादी व्यवस्था और संचालन का आधार होता है. इसलिए इसमें बदलाव के प्रस्ताव को गंभीरता से पढ़ना और प्रत्येक प्रावधान को समझना जरूरी है. इसी आधार पर प्रतिनिधिमंडल ने संशोधित प्रारूप के अध्ययन के लिए कुछ समय मांगा है. इस मांग के बाद संशोधन प्रस्ताव पर सहमति नहीं बन सकी.
इसे भी पढ़ें -
94 वर्षों के सफर में चार बार बदला संविधान
चर्च के संविधान में संशोधन चार बार हो चुका है. पहला संशोधन 1928 में, दूसरा 1960 में, तीसरा 1995 में और चौथा 2012 में किया गया था. अब एक बार फिर बदलते समय और परिस्थितियों के अनुरूप संविधान में संशोधन की पहल की गई है. हालांकि इस बार प्रस्तावित बदलावों पर प्रतिनिधियों की सहमति नहीं बन पाना चर्चा का अहम विषय बन गया है.
महासचिव बोले- बदलते समय के अनुरूप जरूरी हैं बदलाव
चर्च के महासचिव ईश्वर दत कंडुलना ने संविधान संशोधन की जरूरत पर अपनी बात रखते हुए कहा कि पुराने संविधान के कुछ प्रावधान वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप नहीं रह गए हैं. संस्था के बेहतर संचालन और बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनमें संशोधन आवश्यक है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

