Giridih News: डुमरी स्थित रेफरल अस्पताल में शुक्रवार सुबह नवजात बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान अस्पताल में बने काउंटर को क्षति पहुंचाने की बात सामने आई है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरी के मधगोपाली निवासी सुभाष कुमार साव की पत्नी ने गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे एक बच्ची को जन्म दिया था. बताया जाता है कि गुरुवार देर रात अथवा शुक्रवार सुबह अचानक नवजात की तबीयत बिगड़ गई. चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया.
इसे भी पढ़ें:
परिजनों का आरोप है कि नवजात को बाहर ले जाने के लिए निजी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी, लेकिन एंबुलेंस में ऑक्सीजन पाइप उपलब्ध नहीं था. इसको लेकर परिजनों ने अस्पताल कर्मियों से ऑक्सीजन पाइप की मांग की, लेकिन आरोप है कि कर्मियों ने पाइप देने से इनकार कर दिया. इसी दौरान नवजात की मौत हो गई.
नवजात की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की. घटना की सूचना मिलने पर डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
वहीं, डुमरी रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी कामेश्वर महतो ने भी परिजनों को आश्वस्त किया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी. यदि किसी स्वास्थ्यकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

