Search

 
 
 

सरायकेला सदर अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

सरायकेला सदर अस्पताल में एक प्रसूता की मौत के बाद आज रविवार सुबह अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही काआरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला पहले से ही गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी और उसकी हालत अस्पताल पहुंचने के समय ही काफी नाजुक थी.
 

Saraikela सरायकेला सदर अस्पताल में एक प्रसूता की मौत के बाद आज रविवार सुबह अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला पहले से ही गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी और उसकी हालत अस्पताल पहुंचने के समय ही काफी नाजुक थी.

 

जानकारी के अनुसार कांदागोड़ा गांव निवासी गुरा पूर्ती अपनी पत्नी शुरू पूर्ती को शनिवार रात करीब 8 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सरायकेला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. परिजनों का कहना है कि भर्ती करते समय महिला की स्थिति सामान्य थी. उन्हें उम्मीद थी कि सुरक्षित प्रसव हो जाएगा. आरोप है कि रातभर मरीज की समुचित चिकित्सकीय निगरानी नहीं की गई और समय पर आवश्यक उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई.

 

प्रसूता महिला के पति गुरा पूर्ती ने बताया कि उन्होंने कई बार अस्पताल कर्मियों और चिकित्सकों से सहायता की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया. उनका आरोप है कि यदि समय पर इलाज मिलता तो उनकी पत्नी की जान बचाई जा सकती थी. परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के व्यवहार पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह जब वे जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला.

 

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई. अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण रहा.

 

ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रीमा ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि महिला अस्पताल पहुंचने के समय गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी. उनके शरीर में खून की मात्रा काफी कम थी, जिसके कारण उनकी स्थिति पहले से ही अत्यंत गंभीर थी. डॉक्टर के अनुसार मरीज का इलाज चिकित्सकीय मानकों के अनुसार किया गया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति के कारण उसे बचाया नहीं जा सका.

 

फिलहाल इस घटना के बाद अस्पताल में प्रसूता की मौत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. एक ओर परिजन चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, जबकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की हालत पहले से ही गंभीर थी. मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.

 

 Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही