Lagatar Desk : एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपने ज्वेलरी ब्रांड GIVA के रक्षाबंधन ऐड को लेकर सुर्खियों में हैं. इस एड में कृति ऑफ-व्हाइट ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट वाले इंडो-वेस्टर्न लुक में नजर आ रही हैं. ऐड सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके पहनावे को लेकर बहस छिड़ गई है. अब बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी कृति के इस लुक पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है.
रक्षाबंधन ऐड में कृति के लुक पर विवाद
GIVA के रक्षाबंधन ऐड में कृति सेनन अपने भाई को राखी बांधती नजर आती हैं. इसके अलावा वह एक पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती दिखाई देती हैं. ऐड सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
कुछ लोगों ने इसे पारंपरिक त्योहार के अनुरूप नहीं बताया, जबकि पेट लवर्स ने कुत्ते को परिवार का हिस्सा मानते हुए इस पहल का समर्थन किया. वहीं, कृति के आउटफिट को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कई यूजर्स का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार से जुड़े विज्ञापन में इस तरह का बोल्ड लुक जरूरी नहीं है.
कंगना रनौत ने कृति सेनन पर साधा निशाना
अब इस विवाद में बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की भी एंट्री हो गई है. कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर करते हुए कृति के पहनावे पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के पास अपनी पसंद के कपड़े पहनने की पूरी आजादी है, लेकिन कुछ मौकों पर मर्यादा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए.
![]()
कंगना का इंस्टा पोस्ट
कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए कई तरह के विकल्प मौजूद हैं. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब महिलाओं के पास कॉकटेल ड्रेस, लहंगा-चोली, जींस, साड़ी, बिकीनी और सलवार-कमीज जैसे तमाम विकल्प हैं, तो फिर कोई अपने भाई को राखी बांधते समय बिकीनी या अंडरगारमेंट्स जैसा पहनावा क्यों चुनेगा?

