Dhanbad News: निरसा अनुमंडल में प्रतिबंधित मांस की तस्करी के खिलाफ मैथन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन को जब्त किया है. मैथन टोल के पास गुरुवार की देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन को रोका. तलाशी के दौरान पिकअप वैन से करीब 500 किलो प्रतिबंधित मांस के अलावा गोटा मांस भी बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें:
मैथन थाना प्रभारी अभिनव कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुमारधुबी से एक पिकअप वैन में भारी मात्रा में मांस लोड कर पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और मैथन टोल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया.
पिकअप वैन की तलाशी लेने पर उसमें करीब 500 किलो प्रतिबंधित मांस मिला. इसके बाद पुलिस ने मांस और पिकअप वैन को जब्त कर लिया. वहीं वाहन में सवार दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई में जुटी है. थाना प्रभारी के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि मांस कहां से लाया गया था और इसे पश्चिम बंगाल में कहां पहुंचाया जाना था. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मांस तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

