Latehar News : जिले के महुआडांड़ प्रखंड के ओरसा पंचायत के जामडीह ग्राम में अस्पताल का निर्माण प्रस्तावित है और इसके लिए योजना की प्रशासनकि स्वीकृति भी मिल गयी है. लेकिन आरोप है कि कतिपय लोगों की मिलीभगत से अब इस अस्पताल का निर्माण जामडीह में नहीं करा कर अन्यत्र कराने की योजना बनायी जा रही है.
इसके खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है. गुरूवार को ओरसा पंचायत के सैकड़ों ग्रामीण महुआडांड़ अनुमंडल कार्यालय पहुंच कर अस्पताल का निर्माण जामडीह में कराने की मांग की. इससे पहले कार्मेल हॉस्पिटल से रैली निकाली गयी.
रैली यहां से शुरू होकर शास्त्री चौक, बिरसा चौक होते हुए महुआडांड़ अनुमंडल मैदान पहुंची. यहां एक सभा का आयोजन किया गया. सभा में ग्रामीणों ने ग्राम सरनाडीह से जामडीह तक ढ़ोढी पत्थल तक सड़क निर्माण, छत्तीसगढ़ सीमाना से भुगुलडीह तक सड़क निर्माण, ग्राम जामडीह का राशन जामडीह में ही बांटने, ग्राम जामडीह बूथ का बोटिंग जामडीह में ही बूथ बनाने की मांग की.

