- टेबो से रायगढ़ा तक सड़क निर्माण कार्य में लगी मशीन में की थी आगजनी
- रंगदारी मांगने का भी आरोप
- पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
Shambhu Kumar
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत टेबो से रायगढ़ा तक सड़क निर्माण कार्य में लगी पोकलेन मशीन जलाने और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पुलिस ने इसकी जानकारी दी.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, बीते 10 अक्टूबर को सड़क निर्माण कार्य में लगी पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया गया था. इस घटना के बाद 11 अक्टूबर को टेबो थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पोड़ाहाट एसडीपीओ डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई.
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही. गिरफ्तार आरोपियों में टेबो थाना क्षेत्र के सोंगरा निवासी जीतेन्द्र बोदरा, कृष्णा बोदरा उर्फ छोटू, खूंटी जिले के कुन्दी निवासी लोरेंस धान उर्फ लोचे तथा अड़की थाना क्षेत्र के बन्दुगाड़ा निवासी फूलचंद सिंह मुंडा शामिल हैं.
इस संबंध में एसडीपीओ डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने कहा कि झारखंड में नक्सलवाद समाप्त हो चुका है और इसे वर्तमान या भविष्य में किसी भी रूप में पनपने नहीं दिया जाएगा. विकास कार्यों में बाधा डालने, निर्माण एजेंसियों को डराने और रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.
डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने क्षेत्र में कार्यरत ठेकेदारों से अपील की कि वे निर्माण स्थल के नजदीकी थाना के संपर्क में रहें और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को निर्बाध रूप से जारी रखे. इस मौके पर टेबो थाना प्रभारी व अन्य जवान मौजूद रहे.

