Search

 
 
 

Weather News : झारखंड में 23 तक आगे बढ़ सकता है मॉनसून, कई जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है.
 

Ranchi : झारखंड में मॉनसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 23 जून तक राज्य के कई और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पहुंच सकता है. विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज आंधी-बारिश व वज्रपात की चेतावनी जारी की है.

 

पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 40.2 मिलीमीटर बारिश धनबाद जिले के तोपचांची में रिकॉर्ड की गई. राजधानी रांची में भी अच्छी बारिश हुई. रांची एरो स्टेशन में 35.6 मिलीमीटर और नामकुम में 23.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.

 

तापमान की बात करें, तो सरायकेला राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

 

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है.

 

21 जून को रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, खूंटी, रामगढ़, दुमका, जामताड़ा और कोडरमा समेत कई जिलों में गरज के साथ वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है. अन्य जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है.

 

22 जून को मौसम का असर मुख्य रूप से दक्षिणी और मध्य झारखंड में देखने को मिलेगा. जमशेदपुर, चाईबासा, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची और बोकारो में तेज हवाओं, गरज और वज्रपात की संभावना जताई गई है.

 

23 और 24 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. वहीं 25 जून को पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

 

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही