- 6 जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
Ranchi : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. गुरुवार से रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही है. इस बीच रांची मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है. बारिश को लेकर 11 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.
झारखंड की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका है. वहीं रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और बोकारो में येलो अलर्ट है. इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है.
दूसरे जिलों में भी बारिश के आसार
झारखंड के बाकी हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम सामान्य रह सकता है. हालांकि इन इलाकों में भी अचानक बारिश और वज्रपात हो सकता है.
वज्रपात से रहें सावधान
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. बारिश और गरज-चमक के समय खुले मैदान, खेत या सड़क पर खड़े होने से बचने, पेड़ के नीचे शरण नहीं लेने और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है.
19 अगस्त तक सक्रिय रह सकता है मॉनसून
मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 20 अगस्त के बीच झारखंड में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है. 14 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. वहीं 15 और 16 अगस्त को भी बारिश जारी रह सकती है.
17 और 18 अगस्त के आसपास बारिश की गतिविधि फिर बढ़ सकती है. 19 अगस्त को भी कई इलाकों में बारिश होने के आसार हैं. यानी अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मॉनसून सक्रिय रह सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

