Shambhu Kumar
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला के मनोहरपुर प्रखंड की रायकेरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से 14 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई. मृतक की पहचान राज कालिंदी के रूप में हुई है. वह रायकेरा विद्यालय में कक्षा 9 का छात्र था.
राज कालिंदी की मां ने बताया कि उनका बेटा गुरुवार की सुबह छत्तू (मशरूम) चुनने जंगल गया था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए वह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर बैठ गया.
तभी तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इधर इस हृदयविदारक घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे रायकेरा गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

