Ranchi News: आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने जमशेदपुर में संवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने घटना को प्रशासनिक विफलता बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि झामुमो के प्रखंड और जिला अध्यक्ष बॉडीगार्ड लेकर घूमते हैं, लेकिन पूर्व विधायक और वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है. उनकी सुरक्षा में हुई चूक के लिए आखिर कौन जिम्मेवार है?
उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में सूर्य सिंह बेसरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. सार्वजनिक कार्यक्रम में उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार पूरे झारखंड आंदोलनकारी समुदाय और राज्य की अस्मिता का अपमान है. लोकतंत्र में विरोध और असहमति के लिए संवैधानिक तरीके हैं. हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.
इसे भी पढ़ें -
प्रभाकर ने राज्य सरकार और पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
उन्होंने सरकार से सूर्य सिंह बेसरा की सुरक्षा तत्काल सुनिश्चित करने की भी मांग की. टीएमएच में इलाजरत बेसरा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि आजसू परिवार और झारखंड आंदोलनकारी इस मुश्किल समय में उनके साथ हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

