Search

कौन थे डॉ. विकास कुमार गुप्ता? जिनकी मौत से चिकित्सा जगत में शोक

Ranchi: रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार शाम झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह विमान रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा से शाम 7:11 बजे उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद रडार से गायब हो गया. बाद में उसका मलबा घने जंगल में मिला. इस हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है.

 

इस हादसे में रांची के जाने-माने एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार गुप्ता का भी निधन हो गया.  अपने व्यवहार, सादगी और सेवा भाव के कारण वे मरीजों और सहकर्मियों के बीच काफी सम्मानित थे.

 

डॉ. गुप्ता 2016 से 2018 तक CHC लातेहार में कार्यरत रहे. वहां से उनके तबादला के समय स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया था, क्योंकि लोग उन्हें अपने बीच ही रखना चाहते थे. पैसे के अभाव आई मरीजों का निशुल्क इलाज करते थे. इसके बाद उन्होंने नामकुम CHC में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे रांची सदर अस्पताल में कार्यरत थे और साथ ही Saaol Clinic तथा J Sharan Pathology में भी अपनी सेवाएं दे रहे थे.

 

वे मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी थे, लेकिन लंबे समय से रांची में रहकर लोगों की सेवा कर रहे थे. उन्होंने SCB Medical College, कटक से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी. पढ़ाई के समय से ही उनका सपना एक अच्छा और जिम्मेदार डॉक्टर बनने का था.

 

उनके परिवार में उनकी पत्नी हैं, जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कचहरी शाखा में कार्यरत हैं, और उनका एक 8 वर्ष का बेटा है. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. 

 

डॉ. विकास गुप्ता का पार्थिव शरीर पहले चतरा सदर अस्पताल में रखा गया. इसके बाद उसे उनके पैतृक गांव औरंगाबाद, बिहार ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. आज नामकुम CHC में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, जहां बड़ी संख्या में लोग भावुक होकर पहुंचे.

 

डॉ. विकास कुमार गुप्ता का असमय निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और चिकित्सा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है. उनकी सेवा, सरलता और समर्पण को लोग हमेशा याद रखेंगे.

 

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रांची के सचिव डॉ रामाधीन ने कहा चतरा के पास हुई एयर एंबुलेंस दुर्घटना से पूरा चिकित्सा जगत गहरे दुख में है. हमने डॉ. विकास कुमार गुप्ता जैसे मिलनसार, दयालु और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहने वाले सहयोगी को खो दिया है. वे हर समय सबके साथ खड़े रहते थे. उन्हें जानने वाले सभी लोगों को उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को मोक्ष प्रदान करें और उनके परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp