Search

क्या स्वास्थ्य मंत्री अब रिक्शा से अस्पतालों तक खून पहुंचाएंगे: प्रतुल शाहदेव

Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राज्य की पूरी स्वास्थ्य प्रणाली वेंटिलेटर पर चली गई है और सरकार केवल दिखावे की राजनीति में व्यस्त है. 

 

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य के 14 जिलों में थैलेसीमिया से पीड़ित सैकड़ों बच्चे खून के इंतजार में हैं, लेकिन उन्हें समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में डॉक्टरों की भारी कमी है और स्वीकृत पदों के मुकाबले हजारों पद खाली पड़े हैं.

 

विशेषज्ञ डॉक्टरों के लगभग 60 प्रतिशत पद रिक्त हैं, जबकि बड़े सरकारी अस्पतालों में 70 से 80 प्रतिशत तक नर्सों की कमी है. इसके अलावा करीब 3000 पारा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति अब तक नहीं हो पाई है.

 

उन्होंने कहा कि कई जिलों में विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं और कई स्वास्थ्य केंद्रों में सामान्य दवाएं जैसे पैरासिटामोल तक नहीं मिल रही हैं. उन्होंने इसे गंभीर स्थिति बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.

 

प्रतुल शाहदेव ने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को सुरक्षित रक्त नहीं मिलने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि राज्य में लापरवाही की हद तब पार हो गई जब बच्चों को बिना जांच के एचआईवी संक्रमित खून चढ़ा दिया गया. उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होना पूरे सिस्टम की विफलता को दर्शाता है.

 

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का ब्लड बैंक सिस्टम भी पूरी तरह प्रभावित है और खून की कमी के कारण मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. इस पर सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रही है.

 

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जब राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था संकट में है, तब मंत्री केवल दिखावटी गतिविधियों में लगे हुए हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब सरकारी अस्पतालों में रिक्शा से ही ब्लड पहुंचाया जाएगा. प्रतुल शाहदेव ने सरकार से मांग की कि राज्य में डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों की जल्द बहाली की जाए, ब्लड बैंक व्यवस्था को मजबूत किया जाए और थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए विशेष आपात योजना लागू की जाए.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//