Lagatar Desk : तमाम कोशिशों के बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर जंतर मंतर जाने के लिए निकले प्रदर्शनकारी दोपहर तक प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने में सफल नहीं हो पाए हैं. क्योंकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी. इसके साथ ही जंतर मंतर के चार किमी के रेडियस में भारी बैरिकेडिंग, नाकेबंदी और हजारों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.
प्रदर्शनकारी सुबह से ही कनॉट प्लेस, जनपथ, होटल ले मेरिडियन के पास और अन्य रास्तों से जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे है, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी है. उन्हें बीच रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया जा रहा है. सैकड़ों लोगों को डिटेन किये जाने की खबर है.
इसे भी पढ़ें
दिल्ली में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है. पुलिस से छुपते-छुपाते युवा जंतर मंतर के आसपास तो पहुंच जा रहे हैं, लेकिन अगले ही पल उन्हें हिरासत में ले लिया जा रहा है. फिर उन्हें बस में बैठाकर कहीं ले जाया जाता है.
दोपहर में नेहा बोरा, योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण जैसे लोग दिल्ली हाट से मार्च करते हुए जंतर मंतर की ओर जा रहे थे, उन्हें रास्ते में ही हिरासत में ले लिया गया. पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिया जा चुका है.
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरभ दास व आशुतोष रंका को दिल्ली पहुंचते ही फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया गया.

