Jamshedpur: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाकिरनगर में रविवार सुबह महिला ने खुदकुशी कर ली. घटना के तुरंत बाद परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका अकीदा खातून (28) जाकिरनगर में अपनी बहन के साथ रह रही थी. उसका पति राजा रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में काम करता है और पिछले लगभग चार महीने से घर नहीं लौटा था.
रविवार सुबह करीब 7 बजे अकीदा की अपने पति से फोन पर बातचीत हुई थी. हालांकि, दोनों के बीच क्या बात हुई यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन फोन कटने के कुछ ही समय बाद उसने कथित तौर पर यह खौफनाक कदम उठा लिया. इस घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि इस आत्मघाती कदम के पीछे कोई घरेलू विवाद था, पारिवारिक परेशानी थी या कोई अन्य वजह. पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरी निष्पक्षता से मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment