Ranchi : राजधानी रांची के बरियातू रोड स्थित सिनर्जी ग्लोबल अस्पताल में काजल नामक महिला की मौत इलाज के दौरान हो गई. उसके परिजनों का आरोप है कि गलत दवा देने की वजह से काजल की मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया.
हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि गलत दवा देने का आरोप पूरी तरह गलत है. महिला का किडनी फेल था. वह डायलिसिस पर थी. इलाज के दौरान दवा के रिएक्शन की वजह से उनकी मौत हो गई.
पहले आपने पढ़ा...
काजल के परिजनों ने बताया कि करीब 20 दिन पहले महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यह सही है कि उनकी किडनी फेल थी. उनका इलाज आईसीयू में चल रहा था. उनकी स्थिति में सुधार भी हो रहा था. लेकिन अचानक से उनकी मौत हो गई. इसी से यह संदेह गहराता है कि जब मरीज ठीक हो रहा था, तो अचानक से मौत कैसे हो गई.
जानकारी के मुताबिक, महिला के इलाज पर काफी खर्च हो रहा था. करीब 10 लाख रुपये का बिल बकाया था. इसी बीच महिला की मौत हो गई. परिजनों के हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने बिल माफ कर दिया. जिसके बाद लोग शांत हुए और महिला का शव लेकर अस्पताल से बाहर निकल गए.

