Search

 
 
 

टाटानगर स्टेशन पर खाली ट्रेन में बेहोशी हालत में मिली महिला, एमजीएम रेफर

टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक महिला घायल और अचेत अवस्था में मिली. महिला हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के खाली रैक के एक कोच में पड़ी हुई थी.
 

Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक महिला अचेत अवस्था में मिली. महिला हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के खाली रैक के एक कोच में पड़ी हुई थी. उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और वह बार-बार बेहोश हो रही थी. फिलहाल महिला अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है.

 


जानकारी के अनुसार, हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के टाटानगर पहुंचने के बाद खाली रैक को यार्ड ले जाने की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान रेलवे कर्मचारियों की नजर कोच के अंदर पड़ी महिला पर गई. महिला की हालत देख कर्मचारियों ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी को सूचना दी.

 


सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को ट्रेन से बाहर निकालकर उसकी पहचान जानने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी बताने में असमर्थ रही. इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. वर्तमान में महिला एमजीएम अस्पताल के गायनिक वार्ड में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

 


महिला की स्थिति और चोटों को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. इस संबंध में रेल पुलिस ने मेडिकल जांच कराने का अनुरोध किया है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 


टाटानगर रेल एसपी अजीत कुमार ने बताया कि खाली ट्रेन से एक घायल महिला बरामद हुई है. उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 


घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए रेल पुलिस हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन के टाटानगर पहुंचने से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ट्रेन में कब और कैसे पहुंची तथा उसके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना हुई है या नहीं. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही