Search

 
 
 

Jamshedpur News: फर्जी पुलिस के जाल में फंसी महिला, दो लाख के गहने लेकर चंपत हुए ठग

शहर में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों से ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. इस बार अपराधियों ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को निशाना बनाकर करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए.
 

Jamshedpur: शहर में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों से ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. इस बार अपराधियों ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को निशाना बनाकर करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए. घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है, क्योंकि हाल के दिनों में इसी तरह की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं.

 


जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर के एम रोड निवासी प्रकाश कौर शनिवार दोपहर गुरुद्वारा से पैदल अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान एन रोड के पास दो युवकों ने उन्हें रोका. एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर खड़ा था. बाइक सवार युवक ने महिला से कहा कि पीछे खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है.

 


महिला जब दूसरे युवक के पास पहुंची तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बातचीत शुरू की. आरोपी ने कहा कि इलाके में हाल ही में हत्या की घटना हुई है और सोने के गहने पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है. उसने महिला को सुरक्षा के नाम पर गहने उतारकर रखने की सलाह दी.

 


आरोपी की बातों पर भरोसा कर महिला ने अपनी सोने की चेन, अंगूठी और कंगन उतार दिए. इसके बाद ठग ने गहनों को कागज में लपेटने का नाटक किया और महिला को एक पैकेट थमा दिया. महिला जब घर पहुंचीं और पैकेट खोला तो उसमें उनके गहनों की जगह केवल एक चूड़ी मिली. तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है.

 

 

घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन बिष्टुपुर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.

 


शहर में फर्जी पुलिस बनकर ठगी की यह पहली घटना नहीं है. पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं. करीब एक माह पहले जुगसलाई थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति को पुलिसकर्मी बनकर ठगा गया था. वहीं साकची इलाके में साधु का वेश धारण कर एक महिला से ठगी की घटना हुई थी.

 


लगातार सामने आ रही इन वारदातों और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी भी है. खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को निशाना बनाए जाने के कारण शहरवासियों की चिंता बढ़ गई है. पुलिस के सामने अब इस सक्रिय गिरोह पर जल्द अंकुश लगाने की बड़ी चुनौती है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही