Search

 
 
 

महिला सशक्तिकरण से समाज होगा मजबूत: DGP

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने कहा कि राज्य में महिलाओं के सशक्त होने से समाज में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है और इसका सीधा असर कानून-व्यवस्था पर भी पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत होती हैं
 

Ranchi: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने कहा कि राज्य में महिलाओं के सशक्त होने से समाज में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है और इसका सीधा असर कानून-व्यवस्था पर भी पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत होती हैं तो परिवार बेहतर तरीके से चलता है, बच्चों की परवरिश और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है. इससे समाज में अपराध की प्रवृत्ति भी कम होती है.

 

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने लगातार न्यूज से बातचीत के क्रम में कहा कि आज झारखंड में महिलाएं केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं. महिलाएं परिवार की आर्थिक मजबूती में भी सहयोग कर रही हैं, जिससे घर और समाज दोनों मजबूत हो रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. विशेष रूप से मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं.

 

पुलिस विभाग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई राज्यों में महिला कमांडो और महिला पुलिस बल की अलग-अलग इकाइयां हैं. झारखंड में भी करीब दो दशक पहले महिलाओं के लिए अलग बटालियन का गठन किया गया था, लेकिन वर्तमान समय में एक और महिला बटालियन बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है. इससे अधिक महिलाओं को पुलिस सेवा में आने का अवसर मिलेगा और सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों और कमांडो की संख्या बढ़ने से महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में और प्रभावी ढंग से काम किया जा सकेगा.

 

डीजीपी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर निर्भर करती है. इसलिए झारखंड पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराधों पर विशेष नजर रख रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है. महिला हेल्पलाइन, महिला थाना और विशेष पुलिस टीमों को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाओं को तुरंत सहायता मिल सके.

 

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं को सम्मान और बराबरी का अधिकार दें, उन्हें शिक्षा और रोजगार के अवसरों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें और महिलाओं के खिलाफ किसी भी अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि एक सशक्त महिला ही सुरक्षित और मजबूत समाज की नींव होती है और सभी के सहयोग से झारखंड को और सुरक्षित तथा विकसित बनाया जा सकता है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही