Ranchi News: भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है. प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में उचित भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है. महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
गीता कोड़ा ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का मतलब केवल महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय लेने का अधिकार देना भी है. नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान इसी दिशा में ऐतिहासिक पहल है. वर्ष 2023 में पारित 106वें संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का रास्ता तैयार हुआ है.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रही हैं. ऐसे में नीति निर्माण में भी उनकी भागीदारी जरूरी है. संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ने से विभिन्न सामाजिक अनुभवों और मुद्दों को प्रतिनिधित्व मिलेगा.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कोड़ा ने कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस को झारखंड के आदिवासी प्रतिनिधित्व के संदर्भ में अपना पुराना रुख भी स्पष्ट करना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि 2007 में परिसीमन के दौरान झारखंड की सात विधानसभा और एक लोकसभा की आदिवासी सीटें कम करने का प्रस्ताव था, जिसका विरोध हुआ था.
उन्होंने झारखंड के सभी 14 लोकसभा और छह राज्यसभा सांसदों से महिला आरक्षण एवं परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने की अपील की. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों विधेयक संसद के दोनों सदनों से पारित होंगे. प्रेसवार्ता में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित थीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

