Ranchi News: रांची के कोतवाली थाना के पीछे जिला स्कूल परिसर में बुधवार को पुरानी पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के समय टंकी को हटाने का काम चल रहा था. मलबे की चपेट में कई मजदूरों के आने की आशंका जताई गई है. हादसे में दो मजदूरों की मौत की सूचना है
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, पुरानी पानी की टंकी को हटाकर उसकी जगह नई टंकी का निर्माण किया जाना था. इसी के तहत पुराने ढांचे को हटाने का काम कराया जा रहा था. इसी दौरान अचानक टंकी का पूरा ढांचा गिर गया और मजदूर मलबे में दब गए.
टंकी गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ एंबुलेंस मौके पर पहुंची. घटनास्थल को घेरकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टंकी को डिमोलिश करने के लिए पीएचईडी विभाग की ओर से करीब तीन करोड़ रुपये का टेंडर दिया गया था. आरोप है कि टंकी को पूरी तरह गिराने के बजाय उसकी मरम्मत का प्रयास किया जा रहा था. इसी दौरान ढांचा अचानक धराशायी हो गया.
फिलहाल हादसे में कितने मजदूर मलबे में दबे थे और मृतकों की पहचान क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर राहत-बचाव कार्य के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

