Search

24-25 मार्च को BIT मेसरा में हाइपर-स्पेक्ट्रल व लिडार डाटा विश्लेषण पर कार्यशाला

Ranchi: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT) मेसरा में 24–25 मार्च को हाइपर-स्पेक्ट्रल और लिडार डाटा विश्लेषण पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यशाला संस्थान के रिमोट सेंसिंग एवं जियो-इन्फॉर्मेटिक्स विभाग में आयोजित होगा. कार्यशाला हाइब्रिड माध्यम (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में आयोजित किया जाएगा. 


कार्यक्रम का संचालन विभाग द्वारा जियोपिक्स क्लब के सहयोग से किया जा रहा है. इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को उन्नत रिमोट सेंसिंग तकनीकों की सैद्धांतिक समझ के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है. कार्यशाला में प्रतिभागियों को हाइपर-स्पेक्ट्रल इमेजिंग और लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग (लिडार) तकनीकों से परिचित कराया जाएगा. इसमें डाटा प्रोसेसिंग, विश्लेषण तथा इनके वास्तविक जीवन में उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

 

सत्रों का संचालन भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (IIST) के पृथ्वी एवं अंतरिक्ष विज्ञान विभाग से प्रोफेसर डॉ. रामा राव निदामनुरी और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमिया ए. एम. द्वारा किया जाएगा. शैक्षणिक समन्वय डॉ. अखौरी प्रमोद कृष्ण, डॉ. मिली घोष नी लाला, डॉ. ऋचा शर्मा और डॉ. स्वागता पायरा करेंगे. इनके साथ विभाग के अन्य संकाय सदस्य भी सक्रिय सहयोग देंगे.

 
कार्यशाला के दौरान हाइपर-स्पेक्ट्रल डाटा के पूर्व-प्रसंस्करण, वायुमंडलीय सुधार, स्पेक्ट्रल सिग्नेचर विश्लेषण और इमेज वर्गीकरण जैसी तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. वहीं, लिडार सत्रों में प्वाइंट क्लाउड प्रोसेसिंग, डीईएम/डीएसएम निर्माण और फीचर निष्कर्षण पर विशेष चर्चा होगी. इन तकनीकों के उपयोग पर्यावरण निगरानी, वानिकी, शहरी मानचित्रण, आपदा जोखिम आकलन और जलवायु अध्ययन जैसे क्षेत्रों के बारे में बताए जाएंगे.

 

यह कार्यशाला स्नातकोत्तर छात्रों, शोधार्थियों, शिक्षकों और जियो-स्पेशियल, पर्यावरण विज्ञान तथा संबंधित क्षेत्रों के पेशेवरों के लिए खुली है. सरकारी एवं शोध संस्थानों तथा जियोस्पेशियल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ भी इसमें भाग ले सकते हैं.

 

कार्यशाला में 80 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जबकि अंतिम मूल्यांकन में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वालों को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा. पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp