Jamshedpur : XLRI (जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट) जमशेदपुर ने अपने प्रमुख दो वर्षीय मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) कार्यक्रम में महत्वपूर्ण शैक्षणिक सुधार की घोषणा की है. संस्थान ने अब पाठ्यक्रम के दूसरे वर्ष में संरचित स्पेशलाइजेशन की व्यवस्था लागू की है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि और करियर लक्ष्यों के अनुरूप गहन अध्ययन का अवसर मिलेगा.
एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एचआर शिक्षा के लिए अग्रणी माने जाने वाले एक्सएलआरआई ने यह कदम बदलते कॉर्पोरेट परिदृश्य और कार्यस्थल की नई चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए उठाया है. संस्थान का एचआरएम कार्यक्रम लंबे समय से ऐसे पेशेवर तैयार करता रहा है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में शीर्ष नेतृत्व पदों पर कार्यरत हैं.
नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थी दूसरे वर्ष में ऑर्गेनाइजेशन डेवलपमेंट, कॉम्पेन्सेशन मैनेजमेंट, फ्यूचर ऑफ वर्क, लेबर एंड सोशल जस्टिस, एम्प्लॉयी वेल-बीइंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे. वहीं, पहले वर्ष में छात्रों को पूर्ववत सामान्य प्रबंधन की व्यापक समझ दी जाएगी, जिसमें मार्केटिंग, फाइनेंस, ऑपरेशंस, स्ट्रैटेजी और इंफॉर्मेशन सिस्टम्स के साथ मुख्य एचआर विषय शामिल रहेंगे.
निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज, एसजे ने कहा कि XLRI का उद्देश्य हमेशा समय के अनुरूप और मूल्य-आधारित शिक्षा प्रदान करना रहा है. उन्होंने कहा कि नए स्पेशलाइजेशन से छात्र उभरते एचआर क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता विकसित कर सकेंगे.
डीन (एकेडमिक्स) प्रो. संजय पात्रो ने बताया कि संशोधित पाठ्यक्रम छात्रों को दो विकल्प देता है-वे चाहें तो किसी एक क्षेत्र में गहराई से विशेषज्ञता हासिल करें या विभिन्न विषयों के व्यापक अध्ययन के जरिए समग्र दृष्टिकोण विकसित करें.
एचआरएम कमेटी के चेयरपर्सन प्रो. आर. के. प्रेमराजन के अनुसार, आज के एचआर पेशे में रणनीतिक सोच के साथ विषयगत विशेषज्ञता भी जरूरी है. इस नई पहल से विद्यार्थियों को अपने करियर पथ के अनुरूप तैयारी करने में मदद मिलेगी.
इस बदलाव के साथ XLRI ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि वह उद्योग और समाज की बदलती जरूरतों के अनुरूप अपने पाठ्यक्रम को निरंतर अपडेट करता रहेगा और जिम्मेदार नेतृत्व तैयार करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाता रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment