Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के खड़बंध गांव में बुधवार देर रात 19 वर्षीय मनीषा हेंब्रम की फांसी लगाने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजन उसे कुमारडूंगी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बताया जाता है कि मनीषा हेंब्रम की शादी राजेश हेंब्रम से हुई थी. बुधवार रात घर में किसी बात को लेकर परिजनों के साथ उसका विवाद हो गया था. इसके बाद देर रात उसने अपने घर में फांसी लगा ली. परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
इसे भी पढ़ें:
इधर, गुरुवार को घटना की सूचना मिलने पर कुमारडूंगी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार दोपहर बाद सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया.
मृतका के पति राजेश हेंब्रम ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था. शाम को घर लौटने पर उसे पत्नी की मौत की जानकारी मिली. उसने बताया कि उसके और पत्नी के बीच कोई विवाद नहीं हुआ था. हालांकि, परिजनों के साथ किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

