Jamtara News: नाला थाना क्षेत्र के कालीपहाड़ी गांव में तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान कास्ता पंचायत के खड़ीमाटी गांव निवासी नयन टुडू (37), पिता स्वर्गीय दशरथ टुडू के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, गांव में शोक की लहर फैल गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नयन टुडू मंगलवार को राशन लेने के सिलसिले में कालीपहाड़ी गांव गया था. इसी दौरान वह शौच के लिए गांव के एक तालाब की ओर चला गया. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर घटना की जानकारी सामने आई.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि नयन टुडू मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था. आशंका जताई जा रही है कि तालाब के किनारे उसे अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा होगा, जिससे वह संतुलन खोकर पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलने पर नाला थाना के सहायक पुलिस अवर निरीक्षक निताई दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया.
इस संबंध में थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

