Ranchi: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं वित्तीय अध्ययन विभाग की ओर से ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब’ के तत्वावधान में ‘युवा प्रबोधन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देना और उन्हें उनके नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था.
कार्यक्रम की शुरुआत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के स्वयंसेवक सुनील द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक गीत से हुई. इसके बाद वाणिज्य एवं वित्तीय अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. के. बी. सिंह ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए विद्यार्थियों का स्वागत और मार्गदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें -
जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए कार्यक्रम में शॉर्ट फिल्म “I Am That Change” की विशेष स्क्रीनिंग की गई. फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ, सशक्त और बेहतर समाज के निर्माण के लिए बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होगी.
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल ऑफिसर डॉ. शशांक कुलकर्णी ने अपने संबोधन में चुनावी साक्षरता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बीच संबंध समझाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के बारे में बताया.
इसके बाद क्लब के स्वयंसेवक सारण ने उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान में वर्णित ‘नागरिक कर्तव्य बोध’ की प्रतिज्ञा दिलाई. विद्यार्थियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने अपने संवैधानिक, सामाजिक, नैतिक और लोकतांत्रिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवक आदित्य ने धन्यवाद ज्ञापन किया. आयोजन का समापन देशभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गान से हुआ. इस अवसर पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंस के डीन प्रो. बटेश्वर सिंह, डॉ. प्रणय पराशर, अमित कुमार दुबे, सोनी मिताली सहित विभाग के कई शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

