Jamshedpur News : झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों का करीब 10 साल का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ. रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) का आयोजन किया जा रहा है. लंबे अंतराल के बाद हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
इसे भी पढ़ें...
परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी. राज्यभर में कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 5 लाख 65 हजार अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

परीक्षा केंद्र के बाहर परिक्षार्थियों की भीड़
सरायकेला और जमशेदपुर के परीक्षा केंद्रों पर भी सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं. कई अभ्यर्थी दूर-दराज के इलाकों से परीक्षा देने पहुंचे. उनके साथ परिजन भी केंद्रों तक आए, जिससे आसपास के इलाकों में काफी चहल-पहल रही.
परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. हालांकि, कुछ परीक्षा केंद्रों के अंदर पुलिस के जवान नजर आए, लेकिन केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था में कुछ कमी भी देखने को मिली.
गौरतलब है कि झारखंड में JTET परीक्षा करीब 10 साल बाद आयोजित हो रही है. इससे पहले वर्ष 2016 में परीक्षा हुई थी. ऐसे में इस बार बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने से परीक्षा को लेकर विशेष उत्सुकता बनी हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

