Ranchi News : झारखंड पुलिस की मेजबानी में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में समापन हो गया. समापन समारोह में मुख्यातिथि रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए. इस दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत किया गया.
इसे भी पढ़ें...
22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने तीरंदाजी की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. समापन समारोह में प्रतियोगिता की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया गया और स्मारिका का विमोचन भी किया गया.
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया. कार्यक्रम में झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न पुलिस इकाइयों के प्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों और आमंत्रित अतिथियों की मौजूदगी रही.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने क्या कहा
झारखंड की इस ऐतिहासिक धरती पर आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन समारोह में उपस्थित सभी अतिथिगण, खेल जगत से जुड़े सम्मानित कोच, खिलाड़ी, देवियों एवं सज्जनों को मेरा सादर नमस्कार और जोहार.
पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता का आज समापन हो रहा है. मुझे याद है कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत भी झारखंड से हुई थी और संयोग से उस समय भी इसका शुभारंभ करने का अवसर मुझे ही मिला था. आज तीसरी बार झारखंड को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करने का अवसर प्राप्त हुआ है.
इस प्रतियोगिता में देशभर से 30 टीमों के लगभग 540 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 37 के करीब स्पर्धाओं का आयोजन हुआ. यह हम सभी के लिए गर्व की बात है.
पुलिस के जवान देशभर में अलग-अलग मोर्चों पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से आपका उत्साह और मनोबल बढ़ेगा. इसका सकारात्मक प्रभाव राज्य और देश के निर्माण में भी देखने को मिलेगा. इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारत के लिए स्वर्ण पदक लाने वाली अंकिता भगत को भी सम्मानित किया.
इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए झारखंड पुलिस के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजन समिति के सदस्यों को मैं अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. आप सभी को मिले पदक और पुरस्कार केवल उपलब्धियों के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि आपके भीतर छिपी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और उत्साह का भी परिणाम हैं.
एडीजी प्रिया दुबे ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के प्रति आपका निरंतर प्रोत्साहन एवं समर्थन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा है. इसके लिए हम आपके आभारी हैं.
यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि झारखंड पुलिस को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 की मेजबानी का अवसर मिला. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के पुलिस बलों और अर्धसैनिक बलों की 30 टीमों के लगभग 540 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया.
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए. विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी एवं पदक देकर सम्मानित किया गया. यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रतियोगिता में शामिल कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं और देश के लिए पदक जीतकर गौरव बढ़ा चुके हैं.
इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव वंदना दादेल, झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी प्रिया दुबे, एडीजी मनोज कौशिक, आईजी माइकल राज, आईजी साकेत सिंह, आईजी पंकज कंबोज, आईजी अजय लिंडा, आईजी मयूर पटेल, आईजी नरेंद्र कुमार सिंह, आईजी प्रभात कुमार, आईजी क्रांति कुमार गदेशी, आईजी अनूप बिरथरे, आईजी सुनील भास्कर, आईजी शैलेंद्र सिन्हा और आईजी विक्रांत मिंज मौजूद थे.
इसके अलावा डीआईजी संजीव कुमार, डीआईजी कार्तिक एस., डीआईजी नौशाद आलम, डीआईजी चंदन सिन्हा, डीआईजी इंद्रजीत महथा, डीआईजी शैलेंद्र बरनवाल, डीआईजी मनोज रतन चौथे, रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसएसपी राकेश रंजन, आईपीएस दीपक पांडेय, आईपीएस हरदीप जनार्दन, आईपीएस पूज्य प्रकाश, आईपीएस मनीष टोप्पो, आईपीएस राजकुमार मेहता, आईपीएस अविनाश कुमार, आईपीएस राजेश यादव, आईपीएस अजय कुमार, आईपीएस रोशन गुड़िया, आईपीएस सुमित कुमार अग्रवाल, आईपीएस सौरभ कुमार, आईपीएस हरविंदर सिंह, आईपीएस आरिफ अकरम, आईपीएस अरविंद सिंह,ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और आईपीएस सरोजनी लकड़ा समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

