- 13 को वीरता पदक तो 7 को सराहनीय सेवा मेडल
Ranchi News : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस के 20 अधिकारियों और जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा. इनमें 13 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को वीरता पदक, जबकि सात को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें...
सभी चयनित लोगों को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा. यह कार्यक्रम हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर भी आयोजित हो रहा है.
वीरता पदक के लिए 13 पुलिसकर्मियों का चयन
वीरता पदक के लिए वर्ष 2022, 2023 और 2024 के चयनित अधिकारियों एवं जवानों के नाम शामिल हैं. वर्ष 2022 के लिए पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार भगत और दिव्य प्रकाश को चुना गया है.
वर्ष 2023 के लिए पुलिस अवर निरीक्षक सनोज कुमार चौधरी, आरक्षी प्रकाश कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र लकड़ा, नीरज कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक सोनू कुमार साहू को वीरता पदक दिया जाएगा.
वहीं, वर्ष 2024 के लिए आईपीएस अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह और राकेश रंजन के अलावा प्रकाश सोय, पुलिस अवर निरीक्षक शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता का चयन किया गया है.
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में छह आईपीएस अधिकारी
सराहनीय सेवा पदक के लिए सात लोगों के नामों को स्वीकृति दी गई है. इनमें आईपीएस अधिकारी असीम विक्रांत मिंज, अनीश गुप्ता, राज कुमार मेहता, दीपक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार और दीपक कुमार पाण्डेय शामिल हैं. इनके अलावा सहायक अवर निरीक्षक (आयुधिक) मोहम्मद अरशद खां को भी इस पदक से सम्मानित किया जाएगा.
कई जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात हैं चयनित अधिकारी
सम्मान के लिए चुने गए पुलिस अधिकारी और जवान राज्य के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में कार्यरत हैं. वीरता पदक के लिए चयनित कर्मियों का संबंध बोकारो, हजारीबाग, चतरा, रांची, पलामू, गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद और रामगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से है. कुछ अधिकारी पुलिस मुख्यालय और अभियान शाखा में भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
वहीं, सराहनीय सेवा पदक के लिए चुने गए अधिकारियों में अपराध अनुसंधान विभाग (CID), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस में पदस्थापित अधिकारी शामिल हैं. कुछ अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी कार्यरत हैं. 28 नवंबर को आयोजित समारोह में सभी 20 चयनित अधिकारियों और कर्मियों को पदकों से अलंकृत किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

