- ऑनलाइन रिकॉर्ड में अनाज का स्टॉक दर्ज, भौतिक जांच में नहीं मिला पूरा चावल
- गोदाम प्रबंधक से मांगा गया जवाब
Deoghar News : जिले में सरकारी अनाज के भंडारण को लेकर बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है. बैद्यनाथपुर स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में झारखंड स्टेट फूड कॉरपोरेशन (JSFC) के गोदाम में करीब 22 हजार क्विंटल चावल का हिसाब नहीं मिल रहा है.
विभागीय जांच में ऑनलाइन रिकॉर्ड और गोदाम में उपलब्ध चावल की वास्तविक मात्रा के बीच भारी अंतर पाया गया है. मामले में विभाग की ओर से कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
इसे भी पढ़ें...
ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर
जानकारी के अनुसार, गोदाम में अनाज के स्टॉक को लेकर अनियमितता की सूचना मिलने के बाद विभाग ने जांच कराई. ऑनलाइन रजिस्टर में चावल की पर्याप्त मात्रा दर्ज थी, लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान गोदाम में उतना अनाज नहीं मिला.
जांच में लगभग 22 हजार क्विंटल चावल का हिसाब नहीं मिलने की बात सामने आई है. आशंका जताई जा रही है कि अनाज को अवैध तरीके से बेच दिया गया हो. हालांकि, चावल कहां गया और इसमें किन लोगों की भूमिका है, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
गोदाम प्रबंधक से मांगा गया जवाब
जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू के अनुसार, ऑनलाइन रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन के दौरान स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया है. इस संबंध में गोदाम प्रबंधक से जवाब मांगा गया है. विभाग संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है.
कुंडा थाना में प्राथमिकी, निगरानी बढ़ाई गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त के निर्देश पर गोदाम की निगरानी बढ़ाई गई है. विभाग ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उपलब्ध अनाज की गणना और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है. देवघर जिले में पिछले कुछ दिनों से जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों को अनाज की आपूर्ति में परेशानी की शिकायतें सामने आ रही हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

