Ranchi News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश की जा रही है. कुछ लोगों को फर्जी ई-मेल भेजकर दावा किया जा रहा है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी मिलने के कारण उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है.
इसे भी पढ़ें...
इसके साथ ही नाम दोबारा जुड़वाने के लिए ई-मेल में एक लिंक भेजा जा रहा है. इस लिंक पर क्लिक कर व्यक्तिगत जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने को कहा जा रहा है.
निर्वाचन विभाग ने ऐसे ई-मेल को भ्रामक बताते हुए मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की है. स्पष्ट किया गया है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी की ओर से इस तरह ई-मेल भेजकर प्रमाण-पत्र या व्यक्तिगत दस्तावेज जमा करने के लिए नहीं कहा जा रहा है.
अनजान लिंक पर जानकारी साझा न करें
मतदाताओं से कहा गया है कि ऐसे संदिग्ध ई-मेल में दिए गए लिंक को न खोलें. किसी अनजान वेबसाइट पर अपना नाम, पता, बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पहचान से जुड़े दस्तावेज साझा नहीं करें. साइबर अपराधी मतदाता सूची से नाम कटने का डर दिखाकर लोगों की निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं.
BLO या आधिकारिक पोर्टल से करें संपर्क
SIR से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी, मतदाता सूची में नाम की स्थिति या दस्तावेजों के सत्यापन के लिए संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क करें. ऑनलाइन जानकारी और जरूरी सेवाओं के लिए निर्वाचन आयोग के आधिकारिक ECINET ऐप अथवा voters.eci.gov.in पोर्टल का ही इस्तेमाल करें.
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट संदेश या ई-मेल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें. थोड़ी सी सावधानी साइबर धोखाधड़ी से बचा सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

