Ranchi News : धनबाद रेल मंडल ने शुक्रवार को सघन चेकिंग अभियान चलाकर 514 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा. इस बड़ी कार्रवाई में अवैध रूप से सफर कर रहे लोगों से कुल 4.40 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है.
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में यह विशेष अभियान दिन-रात चलाया गया. जांच टीमों ने विभिन्न स्टेशनों और मार्गों पर गहन निरीक्षण कर उन लोगों को पकड़ा जो बिना वैध टिकट, बिना उचित पास या बिना बुक किए भारी सामान के साथ सफर कर रहे थे.
अधिकारियों ने मौके पर ही जुर्माना वसूल कर उन्हें भविष्य में सही टिकट लेकर यात्रा करने की सख्त हिदायत दी. वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक मनीष सौरभ के अनुसार, यह कदम वैध यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए उठाया गया है. इससे पहले 22 अगस्त को भी 567 लोगों से 4.87 लाख रुपये वसूले गए थे.
रेलवे की इस लगातार सख्ती से यात्रियों में जागरूकता बढ़ी है और अब टिकट काउंटरों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. रेलवे ने अपील की है कि लोग उचित टिकट लेकर अपनी निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें, जिससे राजस्व का नुकसान रुके और सही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

