Ranchi News : रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने ओरमांझी के उकरीद गांव में स्थित तरंगिनी लिकर्स प्राइवेट लिमिटेड के बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस रद्द कर दिया है. यह कार्रवाई सील किए गए प्लांट में रखी शराब की पेटियां, जरूरी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य गायब पाने पर की गई है.
प्लांट में अवैध तरीके से शराब रखा व बनाया जा रहा था
दरअसल बीते 1 जुलाई को उत्पाद विभाग और ओरमांझी पुलिस ने प्लांट पर संयुक्त छापेमारी की थी. इस दौरान प्लांट परिसर में कथित तौर पर अवैध तरीके से शराब तैयार करने और बिना पंजीकृत स्टॉक छिपाकर रखने की बात सामने आई थी.
मामले में कार्रवाई करते हुए प्लांट को सील कर दिया गया था. जबकि पूर्व एमएलसी सुबोध कुमार राय समेत देवेंद्र भगत और रविकांत राय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. हालांकि प्लांट संचालक सुबोध कुमार फिलहाल जमानत पर हैं.
सील प्लांट से गायब हुआ शराब का स्टॉक
नियम के मुताबिक, सील किए गए प्लांट में मौजूद स्टॉक और दस्तावेजों का मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सत्यापन होना था. लेकिन करीब डेढ़ महीने बाद 17 अगस्त को जब प्लांट की सील खोली गई, तो पीछे के दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर रखी शराब की पेटियां, जरूरी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य गायब पाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

