Search

 
 
 

फादर बेनेडिक्ट के हमलवारों को जल्द पकड़े प्रशासन: दयामनी बारला

Khunti News : नेताओं ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को तत्परता से कार्रवाई करनी चाहिए और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.
 
दयामनी बारला (फाइल फोटो)

Khunti News : स्कूल के प्रधानाध्यापक फादर बेनेडिक्ट पर हुए जानलेवा हमले की राजनीतिक दलों ने कड़ी निंदा की है. कांग्रेस की झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष दयामनी बारला, कांग्रेस प्रवक्ता रिंकू सिन्हा, भाकपा (माले) के राज्य सचिव मनोज भक्त और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की खूंटी जिला कमिटी ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. 

 

इसे भी पढ़ें...

 

नेताओं ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को तत्परता से कार्रवाई करनी चाहिए और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.

 

कांग्रेस की झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष दयामनी बारला ने फादर बेनेडिक्ट पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी शिक्षण संस्थान के संचालक पर हमला केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह पूरे शिक्षा जगत की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है. शिक्षण संस्थान समाज के विकास और भविष्य निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं. ऐसे संस्थानों से जुड़े लोगों पर हमला होना पूरे समाज और राज्य के लिए चिंता का विषय है.

 

दयामनी बारला ने घटना के 24 घंटे बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की जल्द पहचान करने, उन्हें गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.

 

उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है. यदि शिक्षण संस्थानों के संचालक ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो शिक्षा के क्षेत्र में सुरक्षित माहौल बनाना मुश्किल होगा.

 

उन्होंने घटना के पीछे चोरी की आशंका भी जताई. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. उन्होंने सरकार और प्रशासन से शिक्षण संस्थानों और उनसे जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. उन्होंने फादर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

 

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता रिंकू सिन्हा ने कहा कि सरकार अपराधियों की गिरफ्तारी कर उन्हें सख्त सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को उनके किए की सजा दिलाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी.

 

उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. किसी भी घटना के सामने आने के बाद प्राथमिकता आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें सजा दिलाने के लिए सुनवाई में अनावश्यक देरी रोकना है.

 

रिंकू सिन्हा ने निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि जांच के दौरान सभी साक्ष्यों और गवाहों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए. सबूतों के अभाव या गवाहों से जुड़ी समस्याओं के कारण दोषियों को कानून के शिकंजे से बचने का मौका नहीं मिलना चाहिए.

 

उन्होंने भरोसा जताया कि मामले की जांच में किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे.

 

इधर, भाकपा (माले) के राज्य सचिव मनोज भक्त ने भी फादर बेनेडिक्ट पर हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर उन्हें अविलंब गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.

 

मनोज भक्त ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने और सामुदायिक तनाव पैदा करने का कारण बन सकती हैं. इसलिए पुलिस को मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की.

 

इसके अलावा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की खूंटी जिला कमिटी की ओर से प्रदीप गुड़िया ने भी घटना का कड़ा विरोध जताया. भाकपा ने पुलिस प्रशासन से हमले में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और घटना के पीछे की साजिश का खुलासा करने की मांग की. पार्टी ने कहा कि हमले में शामिल सभी लोगों को सामने लाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.

 

साथ ही, पार्टी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या, दुष्कर्म, लूट और चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में पुलिस प्रशासन प्रभावी साबित नहीं हो रहा है. 


सभी नेताओं और संबंधित राजनीतिक दलों ने फादर बेनेडिक्ट पर हमले को गंभीर मामला बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही, शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों की सुरक्षा मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया है.

 

नेताओं का कहना है कि समय पर कार्रवाई होने से पीड़ित को न्याय मिलने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा का भरोसा कायम होगा और ऐसी घटनाओं को बार बार होने से रोकने में मदद मिलेगी. सभी ने फादर बेनेडिक्ट की जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही