Khunti News : आरसी चर्च के फादर बेनेडिक्ट पर 20 अक्टूबर को हुए जानलेवा हमले के मामले में खूंटी पुलिस अपराधियों के करीब पहुंच गई है. सूत्रों के अनुसार, एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर गठित एसआईटी की तीन अलग-अलग टीमें मामले की जांच में जुटी हैं.
इसे भी पढ़ें...
हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है. अब तक 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है. पुलिस को इस दौरान कुछ अहम सुराग मिलने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, अब तक हमलावरों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
सूत्र के अनुसार
एक टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पड़ताल कर रही है. दूसरी टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. वहीं, तीसरी टीम स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की सूची तैयार कर उनसे पूछताछ कर रही है.
पुलिस का मुख्य जोर हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने पर है. तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मिले इनपुट का आपस में मिलान किया जा रहा है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके.
सूत्रों के अनुसार, जांच में तेजी को देखते हुए अगले 41 घंटे अहम हो सकते हैं. इस दौरान मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस की ओर से गिरफ्तारी या मामले के खुलासे को लेकर अभी कोई आधिकारिक समयसीमा घोषित नहीं की गई है.
इधर, हमले में गंभीर रूप से घायल फादर बेनेडिक्ट की हालत चिंताजनक बनी हुई है. रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनके सिर पर गंभीर चोट लगी है और अब तक चार यूनिट खून चढ़ाया जा चुका है. फिलहाल उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट में रखकर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


