Ranchi News : आजसू पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक शनिवार को केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में बुकरू स्थित उनके आवास पर हुई. बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और सांगठनिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
इसे भी पढ़ें...
बैठक में 11 अक्टूबर को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ मंी ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इसके बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार, शिक्षा, अवसर, नेतृत्व और झारखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर युवाओं से सीधा संवाद किया जाएगा.
सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति का केंद्र झारखंडी जनता के सवाल होने चाहिए. संगठन का दायित्व है कि वह जनता की आवाज बने और उनके अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाए. उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया.
बैठक में जिला समितियों के क्रियाकलापों की समीक्षा की गई. जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन के पुनर्गठन के साथ पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया.
बैठक में कहा गया कि झारखंड आंदोलन की विचारधारा, जनसरोकार और जमीनी संघर्ष से आजसू पार्टी की राजनीतिक पहचान बनी है. इसलिए संगठन को जनता के मुद्दों पर अधिक मुखर होने और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरने की आवश्यकता है. कार्यकर्ताओं को स्थानीय समस्याओं से जोड़ते हुए संगठन की गतिविधियों को गांव और पंचायत स्तर तक विस्तार देने पर भी चर्चा हुई.
बैठक में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं हसन अंसारी तथा मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

