Search

 
 
 

BIT मेसरा पर 323.50 एकड़ वन भूमि पर कथित कब्जा करने का आरोप, लोकायुक्त ने शुरू की जांच

Ranchi News : आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, रांची के तत्कालीन डीएफओ ने 2 नवंबर 2022 को पत्रांक 4447 के माध्यम से विस्तृत रिपोर्ट वन संरक्षक, रांची को भेजी थी. इसमें मेसरा मौजा के थाना नंबर 169 स्थित प्लॉट नंबर 2431/2649 और 2640 की कुल 323.50 एकड़ वन भूमि पर बीआईटी के कब्जे का उल्लेख किया गया था.
 
बीआईटी मेसरा

Ranchi News : रांची के मेसरा स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) पर 323.50 एकड़ वन भूमि पर कथित तौर पर कब्जा करने के आरोप में झारखंड के लोकायुक्त ने जांच शुरू कर दी है. लोकायुक्त ने केंद्र और राज्य सरकार के वन सचिवों, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, रांची के डीएफओ तथा बीआईटी मेसरा के रजिस्ट्रार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. परिवाद संख्या 01/लोक (वन) 01/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

एनजीटी में वन विभाग ने स्वीकारा था अतिक्रमण

लोकायुक्त के समक्ष शिकायतकर्ता अशोक वर्मा ने परिवाद दाखिल कर आरोप लगाया है कि बीआईटी मेसरा प्रबंधन के खिलाफ वन भूमि पर अतिक्रमण के मामले में वन विभाग ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है. शिकायत का आधार राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी), कोलकाता पीठ में वन विभाग की ओर से दाखिल शपथपत्र और सूचना का अधिकार के तहत मिली जानकारी को बनाया गया है. रामलखन सिंह बनाम झारखंड राज्य मामले में विभाग ने एनजीटी को बताया था कि संस्थान ने 300 एकड़ से अधिक वन भूमि पर अतिक्रमण किया है.

 

2022 में डीएफओ ने भेजी थी विस्तृत रिपोर्ट

आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, रांची के तत्कालीन डीएफओ ने 2 नवंबर 2022 को पत्रांक 4447 के माध्यम से विस्तृत रिपोर्ट वन संरक्षक, रांची को भेजी थी. इसमें मेसरा मौजा के थाना नंबर 169 स्थित प्लॉट नंबर 2431/2649 और 2640 की कुल 323.50 एकड़ वन भूमि पर बीआईटी के कब्जे का उल्लेख किया गया था.

 

इसके अगले दिन 3 नवंबर 2022 को प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह कार्यकारी निदेशक, बंजर भूमि विकास बोर्ड ने पत्रांक 1132 के जरिए रिपोर्ट वन विभाग के अपर मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी. आरोप है कि इसके बाद फाइल वन सचिवालय में लंबित रह गयी और करीब पांच साल से इस पर कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई.

 

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बिना वन भूमि का उपयोग संभव नहीं

डीएफओ की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया था कि संबंधित जमीन भारतीय वन अधिनियम के तहत सुरक्षित वन क्षेत्र के रूप में अधिसूचित है. वन संरक्षण नियमावली, 2023 के प्रावधानों के अनुसार ऐसी भूमि को गैर-वानिकी उपयोग में लाने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और आवश्यक अनुमति अनिवार्य है. रिपोर्ट में विधानसभा की विशेष समिति के निर्देशों का भी उल्लेख किया गया था. समिति ने बीआईटी के रजिस्ट्रार को वन भूमि पर गैर-वानिकी कार्य के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा था.

 

अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त से बीआईटी प्रबंधन के साथ  जिम्मेदार वन अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है. परिवाद में आरोप लगाया गया है कि केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर बार-बार शिकायत तथा कार्रवाई प्रतिवेदन मांगे जाने के बावजूद मामले को लंबित रखा गया. शिकायतकर्ता के अनुसार, दो नोटिस जारी होने के बावजूद अब तक वन विभाग और संस्थान की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया गया है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही