Dumka News : रामगढ़ प्रखंड के जोगिया स्थित एक निजी स्कूल के छात्रावास में नाबालिग छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने स्कूल की वार्डन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि नामजद निदेशक इमानुएल मुर्मू फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
इसे भी पढ़ें...
पीड़िता के पिता के बयान पर रामगढ़ थाना में स्कूल निदेशक और उनकी सहयोगी सह वार्डन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पीड़ित बच्चियों को मेडिकल जांच के लिए दुमका ले जाया गया है.
मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है. शुक्रवार और शनिवार को ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने स्कूल परिसर और रामगढ़ थाना पहुंचकर विरोध जताया. लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने रामगढ़ थाना पहुंचकर थाना प्रभारी मनीष कुमार और पीड़ित परिवारों से जानकारी ली. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा भी की.
स्कूल में मिली सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी खामियां
घटना के बाद शिक्षा विभाग की टीम ने भी स्कूल का निरीक्षण किया. प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर बीआरपी नजीसूल हक ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा सका. परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं पाए गए. भवन की स्थिति भी बच्चों के अनुकूल नहीं मिली. छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता को लेकर भी सवाल उठे. निरीक्षण के दौरान प्रबंधन पर कड़ी नाराजगी जताई गई और स्कूल में तालाबंदी की कार्रवाई की चेतावनी दी गई. विद्यालय के हॉस्टल प्रभारी अमित हांसदा के अनुसार, स्कूल में कुल 42 बच्चे नामांकित हैं.
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता
स्कूल बंद होने की सूचना मिलने के बाद अभिभावक अपने बच्चों को घर ले गए. विद्यालय में मौजूद शिक्षक भी शाम तक अपने घर लौट गए. अभिभावकों का कहना है कि नामांकन के समय 10 हजार रुपये और हर महीने 3500 रुपये फीस देने के बावजूद बच्चों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का उचित प्रबंध नहीं था.
अभिभावकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के साथ बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता जताई है. नवंबर समाप्त होने के करीब है. ऐसे में स्कूल बंद होने या दूसरे विद्यालय में नामांकन कराने की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से बच्चों की शिक्षा जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है.
वहीं, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने घटना की निंदा करते हुए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है. उन्होंने आरोप सिद्ध होने पर स्कूल की मान्यता रद्द करने और जिले के निजी विद्यालयों एवं छात्रावासों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

