Ranchi News : रांची से हजारीबाग के बीच सफर करने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में जाम और सड़क हादसों से राहत मिल सकती है. नेशनल हाईवे-20 (पुराना एनएच-33) की चुटूपालू और चरही घाटी में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए वैकल्पिक फोरलेन सड़क बनाने की योजना पर काम तेज हो गया है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दोनों घाटियों में सड़क निर्माण के लिए करीब 239 करोड़ रुपये की निविदा जारी कर दी है. परियोजना के तहत दोनों घाटियों में अलग-अलग वैकल्पिक फोरलेन मार्ग विकसित किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें...
23 दिसंबर तक जमा होंगे टेंडर, 24 को खुलेगी निविदा
एनएचएआई ने निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक एजेंसियां 23 दिसंबर तक अपनी निविदा जमा कर सकेंगी. इसके अगले दिन यानी 24 दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे. प्राधिकरण की योजना निविदा और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने की है. सब कुछ निर्धारित समय के अनुसार हुआ तो वर्ष 2027 की शुरुआत में निर्माण कार्य शुरू हो सकता है.
घाटियों के खतरनाक रास्तों का मिलेगा विकल्प
चुटूपालू और चरही घाटी एनएच-20 के ऐसे हिस्से हैं, जहां तीखे मोड़, ढलान और वाहनों का लगातार दबाव अक्सर जाम की वजह बनता है. खासकर भारी वाहनों के खराब होने या दुर्घटना की स्थिति में सड़क पर आवागमन प्रभावित हो जाता है. कई बार घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है. वैकल्पिक फोरलेन सड़क बनने से मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा. इससे यात्रा सुगम होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी कम करने में मदद मिलेगी.
वन भूमि की मंजूरी पर टिकी निर्माण की रफ्तार
परियोजना को जमीन पर उतारने में सबसे बड़ी चुनौती वन भूमि से जुड़ी स्वीकृति हो सकती है. एनएचएआई ने इसके लिए फॉरेस्ट क्लियरेंस की प्रक्रिया तेज कर दी है. संबंधित वन प्रमंडल और अंचल कार्यालयों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है. सड़क निर्माण के लिए जरूरी भूमि अधिग्रहण, वन भूमि के हस्तांतरण और पेड़ों की कटाई से संबंधित औपचारिकताएं भी पूरी करनी होंगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

