Dhanbad News: जिले के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज आवाज के साथ गोफ बनने और उससे जहरीली गैस के रिसाव की घटना सामने आई है. गैस रिसाव की सूचना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. घटना के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया.
धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जानकारी के अनुसार केंदुआडीह पांच नंबर स्थित राजपूत बस्ती मस्जिद से कुछ दूरी पर लाल बहादुर सिंह के घर के समीप बागान में तेज आवाज के साथ गोफ बन गया. गोफ से लगातार गैस का रिसाव हो रहा है. घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में किसी अनहोनी को लेकर भय बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि करीब पांच माह पहले केंदुआडीह थाना के समीप मुख्य सड़क के धंसने के बाद सड़क के नजदीक गोफ बन गया था. उस दौरान भी गोफ से जहरीली गैस का रिसाव हुआ था. सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया गया था. पूर्व में वैज्ञानिक जांच भी कराई गई थी और गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए नाइट्रोजन गैस की फिलिंग की गई थी.
पांच माह बाद उसी क्षेत्र में दोबारा तेजी से गैस रिसाव की घटना सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी जहरीली गैस के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है. ऐसे में प्रशासन और बीसीसीएल को लोगों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है.
इस संबंध में वार्ड 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा रावत ने कहा कि सरकार की मौजूदा पुनर्वास नीति लोगों के हित में नहीं है. रैयती और गैर-रैयती जमीन के लिए एक समान मुआवजा राशि देने की बात उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग जहरीली गैस और गोफ वाले इलाके से सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते हैं लेकिन इसके लिए बीसीसीएल और जिला प्रशासन को लोगों के हित में पुनर्वास नीति तैयार करनी होगी.
उन्होंने कहा कि यदि सरकार लोगों को सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजा उपलब्ध कराती है तो स्थानीय लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए तैयार हैं. लोगों ने प्रशासन से गैस रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान करने और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

