- देश-विदेश की 70 से अधिक फिल्मों का होगा प्रदर्शन
- प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दिया आमंत्रण
- दिसंबर में जुटेंगे देश भर के वन वैज्ञानिक और शोधकर्ता
- 10 से 12 दिसंबर तक होगा नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस का आयोजन
Ranchi News : राजधानी रांची में आगामी नवंबर और दिसंबर महीने में वन, पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े दो बड़े आयोजन होने जा रहे हैं. वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 28 से 30 नवंबर तक तीन दिवसीय फॉरेस्ट फिल्म फेस्टिवल ‘अरण्यक’ और 10 से 12 दिसंबर तक ‘नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस 2026’ का आयोजन किया जाएगा. इन दोनों कार्यक्रमों के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें विधिवत आमंत्रण पत्र सौंपा है.
इसे भी पढ़ें...
वन भवन में दिखेंगी 70 से अधिक फिल्में, होंगी मास्टरक्लास
28 से 30 नवंबर तक रांची स्थित वन भवन के पलाश सभागार में आयोजित होने वाले ‘अरण्यक’ फिल्म महोत्सव में देश-विदेश की 70 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा. इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य वनों, वन्यजीवों और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति व मानव समुदाय के बीच के संबंधों को मजबूत करना है.
महोत्सव के दौरान फिल्म प्रदर्शन के अलावा विशेषज्ञों के साथ संवाद, फिल्म निर्माताओं से परिचर्चा, वन्यजीव संरक्षण सम्मेलन और मास्टरक्लास का भी आयोजन होगा. साथ ही चित्रकला और नेचर फोटोग्राफी की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.
जनजातीय परंपराओं और वन संपदा को मिलेगा व्यापक मंच
इस तीन दिवसीय फेस्टिवल में देश भर के फिल्म निर्माता, पर्यावरण विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, वन्यजीव संरक्षक, विद्यार्थी और युवा हिस्सा लेंगे. विभाग का प्रयास है कि इस आयोजन के माध्यम से झारखंड की समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और प्रकृति से जुड़ी जनजातीय समुदायों की परंपराओं को एक व्यापक मंच प्रदान किया जाए.
दिसंबर में जुटेंगे देश भर के वन वैज्ञानिक और शोधकर्ता
फिल्म फेस्टिवल के बाद 10 से 12 दिसंबर तक मोरहाबादी स्थित सर्ड (स्कीपा) परिसर में ‘नेशनल फॉरेस्ट्री कांग्रेस 2026’ का आयोजन किया जाएगा. इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर से वन एवं प्रकृति से जुड़े वैज्ञानिकों तथा रिसर्च स्कॉलर (शोधकर्ताओं) का महाजुटान होगा, जहां वानिकी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े गंभीर विषयों पर मंथन किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

