Ranchi News : बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन कुछ वर्षों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खुलने लगी है. तालाब के आसपास बिछाए गए पेवर ब्लॉक ईंट जगह-जगह उखड़ने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेकेदार ने पेवर ब्लॉक बिछाने से पहले सही तरीके से डस्ट और बेस तैयार नहीं किया. इसके कारण बारिश के दौरान ही ईंटें धंसने लगीं.
इसे भी पढ़ें...
वहीं, बड़े वाहनों के आने-जाने से स्थिति और खराब हो गई है. करीब दो से तीन साल पहले बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक ईंटें बिछाई गई थीं. लेकिन निर्माण में लापरवाही के कारण इसकी मजबूती ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी. पिछले वर्ष में कई जगहों पर पेवर ब्लॉक धंसने से गड्ढे बन गए हैं.

उखड़ने लगे पेवर
सड़क की सतह भी बराबर नहीं है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है. इसके अलावा कई स्थानों पर पेवर ब्लॉक जमा कर रख दिया गया है. किशोर गंज चौक निवासी मनोज जायसवाल ने बताया कि तालाब के आसपास सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है.
सफाईकर्मी बड़ा तालाब की लगातार सफाई कर रहे है. फिर भी तालाब का पानी काफी गंदा दिख रहा है. पानी को हाथ में लेकर देखने से ही उसकी गंदगी का अंदाजा लगाया जा सकता है.
मेयर रोशनी खलखो ने बताया कि इंजीनियर सेक्शन को डायरेक्शन दिया गया है. जब उनसे सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे सम्पर्क नहीं हो सका. वहीं, वार्ड पार्षद-21 के मोहम्मद एहतेशाम ने बताया कि आरसीडी (RCD) को नगर निगम क्षेत्र के तालाब के चारों ओर करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से पेवर ब्लॉक लगाना था. वाल खड़ा करना था, रेलिंग लगाना था. लेकिन सही से नहीं लग सका है. इसमें वार्ड पार्षद की किसी प्रकार की कोई भूमिका नहीं है. जहां-जहां पाथवे टूटा था, उसका निर्माण करना था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

