Sahibganj News : साहिबगंज में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है. युवक की पहचान 26 वर्षीय मोहम्मद सुमन मियां के रूप में हुई है. वह कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में रह रहा था.
इसे भी पढ़ें...
ब्रह्मपुत्र मेल से गुवाहाटी जाने के दौरान चेन पुलिंग की घटना के बाद वह आरपीएफ के हत्थे चढ़ा. तलाशी के दौरान उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र, दो मोबाइल फोन और भारतीय मुद्रा के साथ नेपाली व पाकिस्तानी करेंसी के नोट बरामद किए गए.
जानकारी के अनुसार, युवक गुरुवार को ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहा था. वह ऊपरी बर्थ पर सो रहा था. मिर्जाचौकी से साहिबगंज की ओर ट्रेन बढ़ने के दौरान अचानक झटका लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया. गिरने से बचने के लिए उसने इमरजेंसी चेन पकड़ ली, जिससे ट्रेन रुक गई. इसके बाद आरपीएफ कर्मियों ने संबंधित कोच की तलाशी ली. इस दौरान युवक के तीन साथी मौके से भाग निकले, जबकि सुमन मियां को पकड़ लिया गया.
आरपीएफ ने युवक को बरहरवा में ट्रेन से उतारने के बाद साहिबगंज लाकर पूछताछ की. उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र मिलने के बाद मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई. बाद में उसे साहिबगंज जीआरपी के हवाले कर दिया गया. जीआरपी थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
श्रीनगर में 19 साथियों के साथ कबाड़ का काम करने का दावा
पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह श्रीनगर में 19 साथियों के साथ रहकर कबाड़ का काम करता था. उसके अनुसार, वहां से बांग्लादेशी नागरिकों को हटाए जाने की कार्रवाई के बीच वह अपने तीन साथियों के साथ दिल्ली पहुंचा था. इसके बाद सभी ब्रह्मपुत्र मेल में सवार हुए. उसका इरादा गुवाहाटी पहुंचने और वहां से बांग्लादेश लौटने का था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और स्थानीय पुलिस ने भी युवक से पूछताछ की है. उसके पास से जब्त मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, ताकि उसके संपर्कों और गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके. आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर सबल किशोर ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है. अधिकारियों के अनुसार, आगे की कानूनी कार्रवाई साहिबगंज जीआरपी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

