Patna News : बिहार में बाढ़ और कटाव का संकट गहराता जा रहा है. इसका असर राज्य के 13 जिलों में दिख रहा है. जिनमें दरभंगा, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, खगड़िया, वैशाली, बेगूसराय, भागलपुर, समस्तीपुर और मुंगेर बाढ़ से प्रभावित हैं. कई इलाकों में पानी फैलने से जनजीवन प्रभावित है. राज्य की आठ प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गंगा, सोन, पुनपुन, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती और घघरा नदी के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है. बिहार में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है. यहां गंगा, सोन और पुनपुन नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं.
गंगा खतरे के निशान से 127 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है. वहीं, श्रीपालपुर में पुनपुन नदी खतरे के निशान से 2.01 मीटर ऊपर बह रही है. सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से खेती करने वाले करीब 100 लोग फंस गए हैं. जलस्तर बढ़ने के बाद इन लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है.
आपदा प्रबंधन विभाग के जरूरी दिशा-निर्देश
बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखे.
नदी में नहाने व आवागमन से बचे.
अफवाहों पर ध्यान न दें. केवल जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर तुरंत सूचना दें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

