Buxar News : बिहार में सोमवार को एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना पटना-बक्सर नेशनल हाईवे-922 की है.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, सोमवार के अहले सुबह हाईवे पर भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रताप सागर गांव के पास एक ट्रेलर खड़ी थी. तभी तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे.
लोगों ने घटना की जानकारी भोजपुर थाना पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकाला. हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
दोनों मृतक गोरखपुर के रहने वाले है. मृतकों में महाराजगंज थाना क्षेत्र निवासी रामानंद यादव, पिता रामविलास यादव और ललित यादव के रूप में हुई है. रामानंद यादव डंपर के चालक थे, जबकि ललित यादव खलासी के रूप में काम करते थे.
पुलिस ने दोनों की मौत की सूचना उनके परिजनों को दे दी है. खबर मिलने के बाद उनके परिजनों में शोक का माहौल है. सबका रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ले रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

